गुरुग्राम : एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। गुरुग्राम–फरीदाबाद रोड पर ग्वाल पहाड़ी चौकी क्षेत्र में जाम में रुकी एक बाइक को पीछे से आई तेज रफ्तार इनोवा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का रूह कंपाने वाला वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर लंबा जाम लगा हुआ था और वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक को कुचल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत बीके अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के करमस खेड़ी गांव निवासी शाकिर के रूप में हुई है। वहीं, उसका भाई मोहम्मद राशिद गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। मोहम्मद राशिद ने पुलिस को बताया कि 23 फरवरी की शाम करीब 4:45 बजे वे दोनों भाई डीएलएफ फेज-3 से फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी जा रहे थे। ग्वाल पहाड़ी के पास जाम के कारण उन्होंने बाइक एक कार के पीछे रोक ली थी। तभी पीछे से आई इनोवा कार ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक आगे खड़ी कार और पीछे से आई कार के बीच फंस गई।
पुलिस कार्रवाई, इनोवा चालक को नोटिस
घटना की सूचना मिलते ही डीएलएफ फेज-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल इनोवा गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। जांच अधिकारी एएसआई करन के अनुसार, आरोपी चालक की पहचान कर ली गई है और उसे जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने मृतक के भाई मोहम्मद राशिद की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर करता है।
