बरेली : शहर के थाना बारादरी क्षेत्र के हजियापुर निवासी 60 वर्षीय रहीस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रहीस ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन -पोषण करते थे। इस घटना के बाद परिजनों ने इसे सामान्य सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
जानें क्या है पूरा मामला?
मृतक की पत्नी नसरीन के मुताबिक, रहीस मंगलवार शाम रोज़ की तरह ई-रिक्शा लेकर नकटिया की ओर गए थे। आरोप है कि नकटिया पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया गया। परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
परिवार का आरोप: हादसा या साजिश?
जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर पत्नी नसरीन ने कहा कि उन्हें संदेह है कि रहीस के साथ मारपीट की गई। उनका आरोप है कि यह महज सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि जान लेने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। रहीस अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। परिवार का कहना है कि वह घर के इकलौते कमाने वाले थे। अचानक हुई मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
पुलिस क्या कह रही है?
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।फिलहाल अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
