दिल्ली : उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी मोहम्मद दीपक की हाल ही में राहुल गांधी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर हुई मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में राहुल गांधी दीपक को गर्मजोशी से गले लगाते नजर आ रहे हैं। यह मुलाकात न केवल राजनीतिक बल्कि मानवीय दृष्टि से भी खास मानी जा रही है।

कपड़े की दुकान के नाम को लेकर चर्चा में आए थे मोहम्मद दीपक
गौरतलब है कि कोटद्वार के पटेल मार्ग पर स्थित एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद मोहम्मद दीपक राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए थे। इस मामले ने तब और तूल पकड़ा जब राहुल गांधी ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। दीपक के पक्ष में राहुल गांधी के ट्वीट के बाद यह मामला इंसानियत, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल के रूप में सामने आया।

मानवता और सेवा भाव का सम्मान : कांग्रेस
इस मुलाकात का आयोजन अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में किया गया। वैभव वालिया ने बताया कि राहुल गांधी ने दीपक कुमार को विशेष रूप से अपने आवास पर आमंत्रित किया और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि दीपक कुमार अपने मानवीय कार्यों और इंसानियत की मिसाल के रूप में देशभर में पहचान बना चुके हैं। राहुल गांधी द्वारा उनका सम्मान किया जाना यह संदेश देता है कि कांग्रेस पार्टी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। यह मुलाकात केवल एक व्यक्ति से जुड़ा सम्मान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सेवा भाव को सम्मान देने का प्रतीक मानी जा रही है।
