बरेली : रंगों के त्यौहार होली पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने एक और साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। मुंबई सेंट्रल -काठगोदाम विशेष ट्रेन के साथ-साथ अब बड़ोदरा और गोरखपुर के बीच भी साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा।
कब और कितनी बार चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09111 बड़ोदरा-गोरखपुर होली स्पेशल 23 फरवरी और 2, 9, 16 व 23 मार्च 2026 को प्रत्येक सोमवार को चलाई जाएगी। वहीं वापसी में 09112 गोरखपुर-बड़ोदरा होली स्पेशल 25 फरवरी तथा 4, 11, 18 और 25 मार्च 2026 को हर बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन कुल पांच फेरों के लिए संचालित होगी।
कई बड़े स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
बड़ोदरा से चलने वाली यह ट्रेन गोधरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, आगरा फोर्ट, टूंडला, शिकोहाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में भी ट्रेन इसी मार्ग से गुजरेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए 21 कोच
इस होली स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी फर्स्ट क्लास, एसी सेकेंड, एसी थर्ड, स्लीपर, सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच और जनरेटर-सह-लगेज यान शामिल होंगे, ताकि अलग-अलग श्रेणी के यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिल सके। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के समय यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। यात्रियों से अपील है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और आरक्षण स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें।
