बरेली : शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर कचहरी के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने टेम्पो चालक पर जेवर और नकदी चोरी करने का आरोप लगा दिया। आरोप लगते ही सड़क पर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, और मौके पर भीड़ जमा हो गई। कैंट क्षेत्र के ग्राम डूबरा नवीनगर निवासी नीरज पत्नी गुड्डू के मुताबिक, वह दोपहर करीब 12 बजे खरसेनी कन्नौजिया इंटर कॉलेज से टेम्पो में सवार होकर गांव लौट रही थीं। उनके पर्स में आधा तोला सोने की नथनी, सोने की बेसर, करीब 250 ग्राम का चांदी का गुच्छा और 500 रुपये नकद रखे थे। महिला का कहना है कि रास्ते में फतेहगंज से कुछ सवारियां चढ़ीं और कचहरी पर उतर गईं। जब वह खुद उतरीं, और किराया देने के लिए पर्स खोला, तो जेवर और 500 रुपये गायब थे।
बीच सड़क बहस, चालक मौके से निकला
जेवर और नकदी गायब देख महिला ने मौके पर ही चालक को घेर लिया और चोरी का आरोप लगा दिया।दोनों के बीच कहासुनी बढ़ती गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। कुछ लोग महिला के समर्थन में खड़े हो गए, जबकि कई तमाशबीन बने रहे। इसी दौरान चालक वहां से निकल गया। महिला ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
चालक ने आरोपों से किया इनकार, जांच शुरू
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद में चालक को बुलाकर पूछताछ की गई। चालक ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि महिला के पर्स में कोई जेवर या नकदी नहीं थी और उस पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस ने महिला की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
