तेलंगाना : राजधानी हैदराबाद के अमीरपेट इलाके में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मैत्रीवनम नामक एक बहुमंजिला व्यावसायिक अपार्टमेंट में अचानक आग लग गई। इस इमारत में कई कोचिंग सेंटर संचालित होते हैं, जहां सुबह के समय बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई कर रहे थे। आग लगने के दौरान कुछ छात्र इमारत के अंदर फंस गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
दमकल और बचाव दल की तत्परता से छात्रों की सुरक्षित निकासी
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो से तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और बचाव दल ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करते हुए इमारत में फंसे सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों के अनुसार, आग पर कुछ ही समय में काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिसके चलते इमारत से भारी धुआं निकलने लगा था।
आग की घटना से यातायात प्रभावित, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
आग की घटना के चलते अमीरपेट का व्यस्त इलाका पूरी तरह प्रभावित रहा। खासतौर पर अमीरपेट में स्थित एसआर नगर रोड और मैत्रीवनम जंक्शन से सत्यम थिएटर रोड की ओर भारी जाम की स्थिति बन गई। हैदराबाद ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यातायात चेतावनी जारी करते हुए यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की। पुलिस कर्मी मौके पर तैनात रहकर यातायात को नियंत्रित करने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के साथ समन्वय करते रहे। अधिकारियों ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
