एसपी चीफ ने पानी की टंकी ढहने की घटना के बाद सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हालिया पानी की टंकी गिरने की घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “एक और टंकी भाजपाई भ्रष्टाचार का बोझ नहीं उठा पाई। पहले ‘गिरती टंकी समाचार’ महीने में एक बार आता था, अब ये साप्ताहिक हो गया है।”अखिलेश यादव ने केंद्र की जल जीवन मिशन योजना पर भी निशाना साधते हुए इसे ‘जल कमीशन मिशन’ बताया। उनका आरोप है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी और भ्रष्टाचार के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, संबंधित विभाग या राज्य सरकार की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गुणवत्ता मानकों का पालन जरूरी
उन्होंने कहा कि सरकार पहले भी कह चुकी है कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर कार्य हो रहा है और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। पानी की टंकी गिरने की ताजा घटना के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्ष इसे मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने में जुटा है।
आचार्य नरेन्द्र देव की 70वीं पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रख्यात समाजवादी चिंतक आचार्य नरेन्द्र देव की 70वीं पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में समाजवादी आंदोलन की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि आचार्य जी सादगी, शुचिता और राष्ट्रसेवा के प्रतीक थे तथा समाजवादी पार्टी उनके आदर्शों पर चलने के लिए संकल्पित है। गोमती तट स्थित मोती महल के पीछे उनकी समाधि पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय और सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी समेत कई नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

समाजवादी आंदोलन के प्रेरणास्रोत थे आचार्य जी :अखिलेश यादव
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि आचार्य नरेन्द्र देव ने समाजवाद की स्पष्ट व्याख्या की, किसान -मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में उनके परिजनों व पार्टी पदाधिकारियों की भी मौजूदगी रही।
