फरीदपुर में यादव समाज ने जताई आपत्ति, टाइटल बदलने और विवादित सीन हटाने की मांग
बरेली : बॉलीवुड की फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर बरेली में विरोध शुरू हो गया है। फरीदपुर क्षेत्र में यादव समाज के लोगों ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी फरीदपुर मल्लिका नैन को सौंपा।
“समाज की छवि गलत तरीके से पेश” करने का आरोप
ज्ञापन में कहा गया है कि फिल्म के निर्माता और निर्देशक द्वारा यादव समाज की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। प्रतिनिधियों का आरोप है कि प्रेम कहानी के नाम पर समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और नकारात्मक चित्रण करने का प्रयास किया गया है।समाज के लोगों ने आशंका जताई कि इस तरह की प्रस्तुति से आपसी वैमनस्य और जातिगत तनाव बढ़ सकता है।
टाइटल बदलने और सीन हटाने की मांग
ज्ञापन में मांग की गई है कि फिल्म का टाइटल बदला जाए। कथित विवादित दृश्यों को हटाया जाए।रिलीज से पहले आपत्तिजनक सामग्री की समीक्षा की जाए।प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर व्यापक आंदोलन किया जा सकता है।प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन यादव समाज के लेटर पैड पर तैयार ज्ञापन में कई स्थानीय प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापन देने वालों में पुष्पेंद्र यादव, अंकुर यादव,सूरजपाल सिंह यादव, विजय यादव, रामवीर यादव, रजनीश यादव, प्रमोद यादव, संजीव यादव, धर्मपाल, अनुराग यादव, धनपाल सिंह, सुरेश यादव और रविंद्र यादव समेत अन्य लोग शामिल रहे। उपजिलाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर उच्चाधिकारियों तक मामला पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
फिल्म पर कोई आधिकारिक रोक नहीं
अब तक फिल्म की रिलीज पर प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक रोक की घोषणा नहीं की गई है। मामला फिलहाल मांग और आपत्ति के स्तर पर है। आने वाले दिनों में प्रशासनिक और फिल्म निर्माता पक्ष की प्रतिक्रिया के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हालांकि, बरेली में इस मुद्दे को लेकर सामाजिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
