बरेली/बहेड़ी : यूपी की बरेली पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।थाना बहेड़ी पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध शस्त्रों की सप्लाई करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध 32 बोर पिस्टल, 36 जिंदा कारतूस (32 बोर), 315 बोर और 12 बोर के दो तमंचे व संबंधित कारतूस बरामद किए हैं।
शेरगढ़-अड्डे से दबोचे गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर शेरगढ़-अड्डे के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान तसलीम और सोमू खान उर्फ औसाफ के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई शहर, सीमावर्ती क्षेत्रों और उत्तराखंड तक कर रहे थे।
हिस्ट्रीशीटर से जुड़े होने के संकेत
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी थाना बहेड़ी के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर इशरत अली के करीबी बताए जा रहे हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई अहम वीडियो और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। कुछ वीडियो में कथित तौर पर गिरोह का सरगना अवैध पिस्टलों की टेस्ट फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। पुलिस इन वीडियो को नेटवर्क से जुड़ा अहम सबूत मान रही है।
नेटवर्क की गहराई से जांच
पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल पहले किन-किन घटनाओं में हुआ हो सकता है, और इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। मामले में आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई गई है। इसके लिए अलग -अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
जानें क्या बोले एसपी नॉर्थ
इस पूरे मामले पर एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

अवैध हथियार कारोबार पर बड़ी चोट
बरेली पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शस्त्र तस्करी के खिलाफ बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे नेटवर्क पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
