कानपुर : कानपुर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के तुलसियापुर गांव की नई बस्ती में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक रिटायर्ड फौजी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और नाबालिग बेटे की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद रेलवे ट्रैक पर जाकर जान दे दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।
तुलसियापुर नई बस्ती निवासी चेतराम कुमार (52), जो सेना से सेवानिवृत्त थे, ने अपने मकान के अंदर पत्नी सुनीता (40) और 16 वर्षीय बेटे दीप को लाइसेंसी दोनाली बंदूक से गोली मार दी। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद चेतराम ने घर का मुख्य गेट बाहर से बंद किया और लगभग दो किलोमीटर दूर कठोगर गांव के पास भाऊपुर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान के प्रयास शुरू किए। शव की शिनाख्त चेतराम कुमार के रूप में होने के बाद पुलिस उनके घर पहुंची। जब घर का दरवाजा खोला गया तो अंदर पत्नी और बेटे के शव पड़े मिले। इस दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर और आसपास बारीकी से जांच की और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि पत्नी और बेटे की हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद, आर्थिक लेन-देन और जमीन से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय घर में और कोई मौजूद था या नहीं।
वहीं इस मामले में मृतक के बड़े भाई रामबाबू ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चेतराम ऐसा कदम नहीं उठा सकते थे। उन्होंने दावा किया कि बेटे की कमर में रस्सी बंधी हुई थी, जिससे संदेह पैदा होता है कि तीनों की हत्या की गई है। रामबाबू ने बताया कि हाल ही में चेतराम ने एक बीघा जमीन बेची थी, जिससे करीब 12 लाख रुपये मिले थे। उन्होंने यह भी कहा कि चेतराम सेना में रह चुके थे और कारगिल युद्ध में हिस्सा ले चुके थे, वह बेहद बहादुर व्यक्ति थे और इस तरह की हत्या कर आत्महत्या करना उनकी सोच से परे है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।