बरेली: सार्वजनिक स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त हुई बरेली पुलिस ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एसएसडी प्लाजा के पास स्थित द शीशा ओसिस कैफे में छापा मारकर अवैध रूप से हुक्का (शीशा) और शराब पिलाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त कैफे में नियमों को ताक पर रखकर लोगों को हुक्का और अंग्रेजी शराब परोसी जा रही है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कैफे में छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि कैफे में बिना किसी वैध अनुमति के ग्राहकों को हुक्का और शराब परोसी जा रही थी, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने के साथ-साथ कानून का सीधा उल्लंघन है। पुलिस ने मौके से 6 हुक्का, 4 बोतल अंग्रेजी शराब और 50 फिल्टर पाइप बरामद किए।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज करते हुए धारा 271/280 बीएनएस और धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त सुहैल समेत चार नामजद और 2–3 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
