बरेली : होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने बरेली होते हुए नई दिल्ली और गोरखपुर के बीच एक और होली विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है और ट्रेन का संचालन 20 फरवरी से किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह के अनुसार, 04022 नई दिल्ली -गोरखपुर होली स्पेशल 20 फरवरी से 6 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को नई दिल्ली से दोपहर 2:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन शाम 7:22 बजे बरेली पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 5:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं, 04021 गोरखपुर-नई दिल्ली स्पेशल 21 फरवरी से 7 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को सुबह 7:00 बजे गोरखपुर से चलेगी। यह शाम 5:50 बजे बरेली पहुंचेगी और रात 11:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल का संचालन 2027 तक बढ़ा
रेलवे ने 05579/80 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार विशेष एसी गाड़ी के संचालन को 1 जनवरी 2027 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पूर्णिया कोर्ट 6 मार्च से 29 दिसंबर तक सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी।वहीं, आनंद विहार से यह ट्रेन 8 मार्च से 1 जनवरी 2027 तक बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी।
सहरसा-आनंद विहार स्पेशल दिसंबर 2026 तक
05575/76 सहरसा-आनंद विहार विशेष एसी गाड़ी का संचालन दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। यह ट्रेन सहरसा से 11 मार्च से 30 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार और आनंद विहार से 10 मार्च से 29 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलाई जाएगी।
दो जोड़ी क्लोन ट्रेनों में बुकिंग बंद
बरेली होते हुए चलने वाली दो जोड़ी क्लोन गाड़ियों 04651/52 जयनगर-अमृतसर और 04653 /54 न्यू जलपाईगुड़ी -अमृतसर—का संचालन 28 फरवरी के बाद बंद कर दिया जाएगा। इन ट्रेनों में आरक्षित टिकटों की बुकिंग भी रोक दी गई है।इन गाड़ियों के बंद होने से अन्य ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ने की संभावना है।
आनंद विहार-पुरुलिया साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी
रेलवे बोर्ड ने 14021-22 आनंद विहार-पुरुलिया साप्ताहिक ट्रेन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन प्रत्येक बृहस्पतिवार को आनंद विहार से और प्रत्येक शुक्रवार को पूर्णिया से चलाई जाएगी। हालांकि, संचालन की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन मार्च के पहले सप्ताह से इसके शुरू होने की उम्मीद है।
यात्रियों के लिए बड़ी राहत
होली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर चलाई जा रही विशेष ट्रेनों से बरेली सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से समय रहते टिकट बुक कराने की अपील की है।
