बरेली : वैलेंटाइन डे के मौके पर इस बार शहर में प्रेम के इजहार के साथ-साथ पुलिस का कड़ा पहरा भी देखने को मिला। पिछले महीने राजेंद्रनगर स्थित एक कैफे में छात्रा के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद पुलिस पहले से अलर्ट थी। साफ संदेश दिया गया कि न तो हुड़दंग बर्दाश्त होगा और न ही किसी कपल को बेवजह परेशान करने की इजाजत दी जाएगी। शहर के प्रमुख पार्कों गांधी उद्यान, फूल बाग समेत कई सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। खुद कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने गांधी उद्यान पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पार्कों में आने वाले युवक-युवतियों के पहचान पत्र और आधार कार्ड तक चेक किए गए।
सादा कपड़ों में पुलिस कर्मी तैनात
म्यूजिक फाउंटेन और भूल-भुलैया क्षेत्र में भी सघन निगरानी रखी गई।सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात रहे, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। एसएसपी अनुराग आर्य ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि किसी भी संगठन या व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।बंजरंग दल समेत अन्य संगठनों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी गई।
माहौल बिगाड़ने वालों को चेतावनी
पुलिस ने पहले ही साफ कर दिया था कि वैलेंटाइन डे के नाम पर यदि कोई युवक-युवती से अभद्रता करता है या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 28 दिसंबर को शहर के राजेंद्रनगर स्थित एक कैफे में छात्रा और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले ने शहर में काफी चर्चा बटोरी थी। उसी के बाद से पुलिस ने विशेष मौकों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का फैसला किया।
अश्लीलता और हुड़दंग पर हिदायत
पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले युवाओं से मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। अश्लीलता या अनुचित व्यवहार पाए जाने पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पूरे दिन शहर में गश्त जारी रही और पार्कों व रेस्टोरेंट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। वैलेंटाइन डे पर इस बार बरेली में पुलिस की मौजूदगी ने साफ कर दिया कि कानून व्यवस्था से समझौता नहीं होगा।
