बरेली : दिल्ली हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के राधा कृष्ण मंदिर चौराहे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
घर लौटते वक्त रास्ते में छीन गई जिंदगी
मृतक और घायल युवक थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव गुले के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक बाइक से बरेली की ओर से अपने घर लौट रहे थे, जैसे ही उनकी बाइक राधा कृष्ण मंदिर चौराहे पर पहुंची, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस ने तेज रफ्तार में उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, घायलों को भेजा जिला अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बस कब्जे में, चालक से पूछताछ जारी
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही हादसे की खबर गांव गुले पहुंची, तो मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।
