लखीमपुर खीरी : गोला क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा गोला से लखीमपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर जलालपुर मोड़ के पास सुबह करीब छह बजे हुआ। बताया जा रहा है कि गोला से लखीमपुर की ओर जा रही एक कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की जानकारी सबसे पहले राहगीर शुभम रस्तोगी ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने चालक संतोष सिंह और पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जो दिल्ली से बहराइच स्थित अपने घर जा रहे थे। हादसे में घायल प्रवेश सिंह ने बताया कि वे सभी दिल्ली के राजौरी गार्डन में रहते थे और डेकोरेशन का काम करते थे। गुरुवार को मुकेश सिंह का तिलक कार्यक्रम था, जिसके लिए पूरा परिवार कार से बहराइच जा रहा था।
कार में मुकेश सिंह (25) पुत्र रमेश सिंह, सुनील सिंह (30) पुत्र बिंद्रा सिंह, सुनील सिंह की पत्नी सुधा सिंह (27), उनकी दो वर्षीय बेटी मानवी, प्रवेश सिंह (25) पुत्र अजय पाल और कार चालक संतोष सिंह (30) पुत्र रमेश सिंह सवार थे। हादसे में सुनील सिंह, उनकी पत्नी सुधा सिंह और चालक संतोष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी कि चालक को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। गंभीर रूप से घायल मुकेश सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रवेश सिंह और मासूम मानवी को हल्की चोटें आई हैं। प्रवेश सिंह ने बताया कि कार किस वाहन से टकराई, इसका पता नहीं चल सका है, क्योंकि टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय सुबह के वक्त घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कोहरा माना जा रहा है। क्षेत्राधिकारी गोला रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें चालक और पति-पत्नी की मौत हुई है। सभी मृतक और घायल एक ही परिवार के हैं और बहराइच के निवासी हैं। हादसा किस वाहन की टक्कर से हुआ, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
