बरेली/शाहजहांपुर : भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत सोमवार को एंटी करप्शन टीम ने शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सतीश कुमार मिश्रा और सहायक अध्यापक सुशील कुमार सिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने एक प्रधानाध्यापक से ड्यूटी से अनुपस्थिति की अवधि निस्तारित करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित प्रधानाध्यापक ने दबाव में आने के बजाय बरेली मंडल एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद टीम ने पूरी रणनीति के साथ ट्रैप लगाया।
मिठाई की दुकान के पास हुआ ट्रैप, रंगे हाथ दबोचे गए दोनों
सोमवार को करीब 2:13 बजे, शाहजहांपुर जिले के कस्बा कलान में राजकीय इंटर कॉलेज के सामने सड़क किनारे स्थित मिठाई की दुकान के पास जैसे ही तय रकम का लेनदेन हुआ, पहले से तैनात एंटी करप्शन की ट्रैप टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
हाथों में रिश्वत के नोट और अचानक हुई कार्रवाई से उड़ते होश,यह नजारा देख मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से कलान ब्लॉक कार्यालय में अफरा -तफरी मच गई और कर्मचारियों में सन्नाटा छा गया।
आम लोगों ने की टीम की सराहना, विभाग में खलबली
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई। आम लोगों और शिक्षकों ने एंटी करप्शन टीम की खुलकर सराहना की और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश बताया। कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर खलबली रही कि शिकायत सही साबित होते ही टीम ने बिना किसी दबाव के कार्रवाई कर दी।
कटरा थाने में मुकदमा, हो सकते हैं और खुलासे
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कटरा, शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई चल रही है। एंटी करप्शन सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। एंटी करप्शन संगठन ने साफ शब्दों में कहा है कि रिश्वत मांगने या लेने वाला चाहे कितना ही बड़ा अधिकारी क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार से परेशान कोई भी व्यक्ति सीधे बरेली मंडल एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकता है।
