पीलीभीत : पीलीभीत में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के दौरान एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोरीं। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा दौड़ते-दौड़ते अचानक संतुलन खो बैठे और मुंह के बल गिर पड़े। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, 21 दिसंबर को पीलीभीत के गांधी मैदान में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद थे। खेल महोत्सव की शुरुआत प्रतीकात्मक दौड़ के साथ की गई। केंद्रीय मंत्री के साथ-साथ कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नेता भी ट्रैक पर दौड़ लगाने उतरे। इन्हीं में पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा भी शामिल थे।
दौड़ के दौरान अचानक हेमराज वर्मा का संतुलन बिगड़ गया और वह लड़खड़ाते हुए आगे की ओर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद पीछे से आ रहे एक व्यक्ति ने उन्हें संभालने की कोशिश की और उठाया। हालांकि, इस दौरान मौजूद ड्रोन कैमरे में यह पूरा दृश्य कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब हेमराज वर्मा अपनी लेन में दौड़ रहे थे, तभी जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर के पति गुरभाग सिंह उनकी लेन में आ गए। इसी दौरान दोनों के बीच कंधे का टकराव हुआ, जिससे हेमराज वर्मा का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़े।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर उठे सवालों और चर्चाओं पर खुद हेमराज वर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि दौड़ते समय उनकी लेन में अन्य लोग आ गए थे, जिससे बॉडी टच हुआ और वह गिर गए। उन्होंने साफ कहा कि वीडियो में धक्का दिया जाना स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। पूर्व मंत्री ने अपने पोस्ट में भावुक अंदाज में लिखा, “हम किसान के बेटे हैं। खेती-किसानी की है। राजनीति में भी गिरते-उठते रहे हैं और साजिशों का सामना किया है। आगे भी दौड़ेंगे और जीतेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस वीडियो को वायरल कर ज्यादा चिंता जता रहे हैं, जबकि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हेमराज वर्मा ने आगे लिखा कि ईश्वर की कृपा और शुभचिंतकों की दुआओं से उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा, “बस ईश्वर से यही प्रार्थना है कि किसी की नजरों से न गिरें।” इस पूरे मामले पर उनके बेटे अतुल वर्मा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पिता के ठीक होने की जानकारी दी और सभी शुभचिंतकों का आभार जताया।
