कोडीन भैया से कालीन भैया तक… अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा है कोडीन कांड
सपा प्रमुख बोले – मेरे साथ फोटो, तो सीएम-डिप्टी सीएम के साथ भी है….
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। शनिवार को लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने इस पूरे मामले को केवल यूपी तक सीमित न बताते हुए हजारों करोड़ रुपये के अंतरराष्ट्रीय रैकेट से जुड़ा गंभीर अपराध करार दिया। सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार सच्चाई उजागर करने के बजाय अपने लोगों को बचाने और विपक्ष को बदनाम करने में लगी हुई है।
‘36 जिलों में 118 से ज्यादा FIR, फिर भी सरकार चुप’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में यूपी के 36 जिलों में 118 से अधिक एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, फिर भी सरकार पूरी सच्चाई छिपा रही है। उन्होंने कहा कि यह कोई छोटा मामला नहीं, बल्कि एक संगठित नेटवर्क है, जिसकी जड़ें प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र तक फैली हुई हैं, और जिसकी कीमत हजारों करोड़ रुपये में आंकी जा रही है।
‘मेरे साथ फोटो दिखाते हैं, तो सीएम-डिप्टी सीएम के साथ भी तस्वीरें’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि“अगर किसी की तस्वीर मेरे साथ है, और उसे माफिया बताया जा रहा है, तो मेरी तस्वीर मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के साथ भी है।”उन्होंने साफ कहा कि केवल फोटो दिखाकर किसी को अपराधी ठहराना गलत है और अगर सरकार सच में निष्पक्ष है, तो कालीन भैया, कोडीन भैया समेत सभी आरोपियों पर एक समान कार्रवाई होनी चाहिए।
‘सपा का कोई नेता शामिल हो, तो उस पर भी चले बुलडोजर’

सपा प्रमुख ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर जांच में समाजवादी पार्टी से जुड़ा कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके घर पर भी बुलडोजर चलना चाहिए। उन्होंने कहा “हम माफिया के खिलाफ हैं, चाहे वो किसी भी पार्टी का क्यों न हो।”
‘700 कंपनियां शामिल, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का खेल’

उन्होंने दावा किया कि यह मामला 100-200 करोड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें करीब 700 कंपनियों की संलिप्तता सामने आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और कंपनियों के बीच गहरे नेक्सस के चलते सच्चाई धीरे-धीरे बाहर आ रही है, लेकिन सरकार जानबूझकर जांच को कमजोर कर रही है।
‘एसटीएफ भी मिली हुई है, इसलिए कार्रवाई नहीं’
सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि कोडीन कफ सिरप मामले की जांच कर रही एसटीएफ भी अवैध कारोबारियों से मिली हुई है, यही वजह है कि अभी तक ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। उन्होंने मांग की कि एसटीएफ के साथ-साथ एक अलग जीटीएफ (ग्राउंड टास्क फोर्स) भी बनाई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।
रेजांगला से अहीर रेजिमेंट तक-सेना और सम्मान की बात
इससे पहले अखिलेश यादव ने रेजांगला युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय जवानों ने आखिरी गोली तक चीन की सेना का मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने मैनिफेस्टो में अहीर रेजिमेंट बनाने की मांग शामिल की थी और सत्ता में आने पर इसे पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यूपी में मिलिट्री स्कूलों की संख्या बढ़ाने की भी मांग रखी।
शायराना अंदाज में सरकार पर तंज
एक दिन पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शायराना अंदाज में लिखा “जब खुद फंस जाओ, तो दूसरे पर इल्जाम लगाओ,ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।”उन्होंने कहा कि कोडीन कफ सिरप की सच्चाई भाजपा जानती है, इसलिए उनके चेहरों पर डर साफ नजर आ रहा है।
