बरेली : यूपी के बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र के गांव बेलबोझी में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां 32 वर्षीय किसान की ईंट से सिर कुचलकर हत्या की बात सामने आई है। मृतक की पहचान तोताराम के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सिरौली पुलिस के अनुसार, वारदात शुक्रवार रात उस समय हुई, जब तोताराम घर में अकेला था। उसकी पत्नी किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मायके गई हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि हमलावर ने ईंट से तोताराम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
रिश्तेदार पर जताया शक
मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे एक करीबी रिश्तेदार पर शक जताया है। उनका कहना है कि आरोपी का तोताराम से पहले भी विवाद होता रहा था। घटना की सूचना मिलते ही सिरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सिरौली पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में इंस्पेक्टर सिरौली से बात करने की कोशिश की गई। मगर, फोन से संपर्क नहीं हो सका। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और लोग जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
