ठंड से जनजीवन बेहाल, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा, कोहरे ने थामी रफ्तार, सड़कों पर रेंगते दिखे वाहन
बरेली : शुक्रवार को बरेली में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। शीतलहर चलने से शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रही। तापमान में गिरावट के कारण गलन और ठिठुरन बढ़ गई। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। जरूरी काम से बाहर निकले लोग ठंड से कांपते दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल सर्दी से राहत के आसार नहीं हैं। शनिवार को भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे
बृहस्पतिवार को हवा चलने से कोहरा छंटा था और दिनभर धूप खिली रही, लेकिन सर्द हवा के कारण गलन बनी रही। अधिकतम तापमान चार डिग्री की बढ़त के बाद भी सामान्य से चार डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री रहा। मगर, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान और गिरकर 9.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कड़ाके की सर्दी का असर जनजीवन पर साफ नजर आया। जिले में ठंड और कोहरे को देखते हुए कक्षा आठ तक के स्कूलों में 20 दिसंबर तक अवकाश पहले ही घोषित किया जा चुका है।
बदायूं में कोहरे से वाहनों की रफ्तार पढ़ी धीमी
बदायूं जिले में भी घना कोहरा और शीतलहर छाई रही। दृश्यता काफी कम होने से हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। सुबह के समय कोहरे की बूंदें टपकती रहीं, जिससे ठंड और बढ़ गई। सर्दी का असर बाजारों पर भी दिखा, सुबह के समय सन्नाटा पसरा रहा और ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही।
पीलीभीत में पांच मीटर रह गई दृश्यता
पीलीभीत जिले में पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को सुबह से ही जिला कोहरे की चादर में लिपटा रहा। कई इलाकों में दृश्यता महज पांच मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई। ठंड के चलते लोग देर सुबह तक घरों में दुबके रहे। हालांकि, गांधी स्टेडियम में चल रही बेसिक शिक्षा की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बच्चे कोहरे के बीच अभ्यास करते नजर आए।
खीरी में चौथे दिन भी ठंड का प्रकोप
लखीमपुर खीरी जिले में लगातार चौथे दिन घना कोहरा और शीतलहर बनी रही। सुबह से ही सड़कों पर धुंध छाई रही और वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। लोग गर्म कपड़ों, जैकेट, स्वेटर और मफलर में लिपटे नजर आए। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे।
मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में सुबह और रात के समय कोहरा बना रह सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
