डर, धमकी और डिप्रेशन तीन लाख की और मांग पर टूटी पीड़िता ने SSP से लगाई गुहार
बरेली : शहर में भरोसे और रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया गया, फिर साजिश के तहत उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया गया और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई। आरोप है कि इसी डर के सहारे पीड़िता से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए, जबकि अब तीन लाख रुपये की और मांग की जा रही थी।पीड़िता के अनुसार, मुख्य आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का वादा किया और धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया। इसके बाद आरोपी ने उसके मोबाइल फोन और बैंक खाते तक पर नियंत्रण कर लिया। ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स के जरिए बार-बार रकम ट्रांसफर कराई जाती रही।
नशीला खाना खिलाकर बनाई अश्लील फोटो-वीडियो
पीड़िता का आरोप है कि एक दिन आरोपी ने खाने पर बुलाया। यहां नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया गया। बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना ली गईं। होश आने के बाद शुरू हुआ धमकियों का सिलसिला “अगर पैसे नहीं दिए तो वीडियो यूट्यूब, व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिए जाएंगे।”
शादीशुदा निकला आरोपी
ब्लैकमेलिंग के दौरान पीड़िता को पता चला कि मुख्य आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसने सच्चाई छिपाकर उसे धोखे में रखा। लगातार धमकियों और पैसों की मांग से पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई और भय व अवसाद में जीने को मजबूर हो गई।
SSP के आदेश पर दर्ज हुई FIR
मामला जब पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, तो कार्रवाई शुरू हुई। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य से सीधे शिकायत की। SSP के सख्त निर्देश पर थाना कैंट पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल
कैंट थाना प्रभारी राजेश कुमार ने मीडिया को बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला न केवल साइबर और सामाजिक अपराध की गंभीरता को उजागर करता है, बल्कि यह भी सवाल खड़े करता है कि शादी और प्यार के नाम पर चल रहे ऐसे गिरोहों पर कैसे लगाम लगेगी।
