रुहेलखंड यूनिवर्सिटी का कैलेंडर जारी, 2 से 31 जनवरी तक बिना छुट्टी
बरेली : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (MJPRU) ने स्नातक प्रथम सेमेस्टर की मुख्य और बैक परीक्षाओं का प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर सामने आते ही विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों और छात्रों में हलचल तेज हो गई है। विश्वविद्यालय के अनुसार, 2 जनवरी से 31 जनवरी तक लगातार 31 दिनों तक बिना किसी अवकाश के परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। जिनमें सभी रविवार भी शामिल होंगे। यानी पूरे जनवरी माह छात्रों को बिना ब्रेक परीक्षा देनी होगी।
सुबह 8 से 10 बजे तक परीक्षा
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के मुताबिक, स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सुबह 8 बजे से 10 बजे तक एक ही पाली में कराई जाएगी। पहले ही दिन फैशन डिजाइनिंग, ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, पर्सियन, फंक्शनल हिंदी, ऑफिस मैनेजमेंट, फिजिक्स, बिजनेस ऑर्गनाइजेशन, बिजनेस इकोनॉमिक्स, इंट्रोडक्शन टू रिटेल ऑपरेशंस, हॉस्पिटल ऑपरेशंस मैनेजमेंट, बेसिक अकाउंटिंग और गृह विज्ञान सहित कई विषयों की परीक्षा होगी।
तृतीय और पंचम सेमेस्टर का शेड्यूल भी बदला
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाओं में भी संशोधन कर दिया है। दो और आठ जनवरी को प्रस्तावित परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव किया गया है, जिससे कॉलेजों और छात्रों पर तैयारी का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।
छात्रों की लापरवाही बनी परेशानी
प्रथम सेमेस्टर के कई छात्रों ने प्रवेश के समय चयनित मेजर, माइनर और वोकेशनल विषयों में परीक्षा फॉर्म भरते समय अपने स्तर से बदलाव कर दिया। साइबर कैफे के माध्यम से किए गए इन बदलावों ने अब छात्रों को मुश्किल में डाल दिया है। बरेली कॉलेज द्वारा प्रवेश निरस्त करने का नोटिस जारी होने के बाद छात्र प्रवेश समिति के चक्कर लगाते नजर आए। गुरुवार को सीट लॉक करने की अंतिम तिथि होने के कारण कॉलेजों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
13 जनवरी से PG और प्रोफेशनल कोर्सेज की परीक्षा
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 13 जनवरी से पीजी और प्रोफेशनल कोर्सेज की परीक्षाओं का भी कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन परीक्षाओं का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।
PGDCA प्रथम सेमेस्टर: 13 से 17 जनवरी
MSW (नया पाठ्यक्रम) प्रथम व तृतीय 13 और 14 जनवरी तक, MSW (पुराना/नियमित): 13 से 23 जनवरी तक, एम.लिब प्रथम सेमेस्टर 13 से 15 जनवरी, LLM (HR/साइबर लॉ) 13 से 23 जनवरी, BCA (प्रथम, तृतीय, पंचम) 13 से 30 जनवरी,BBA (प्रथम, तृतीय, पंचम): 13 जनवरी से 5 फरवरी, बी.लिब (मेन) 13 से 15 जनवरी, बी.कॉम (फाइनेंशियल सर्विसेज) 13 से 21 जनवरी, बी.कॉम (फाइनेंस) 13 से 23 जनवरी, LLB पांच वर्षीय (ऑड) 13 से 23 जनवरी, LLB तीन वर्षीय (बैक) 13 से 22 जनवरी तक होंगी।
छात्रों में बढ़ी चिंता
लगातार परीक्षा, बिना अवकाश और बदले हुए शेड्यूल के चलते छात्रों में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय से परीक्षा कार्यक्रम पर पुनर्विचार की मांग भी उठानी शुरू कर दी है।
