बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो कुख्यात पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने मीडिया को बताया कि पुलिस टीम फाइक एंक्लेव के पीछे नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो दोनों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने लगे।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई, दोनों तस्कर दबोचे गए
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को मौके से ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपी हाथ जोड़कर पुलिस से रहम की गुहार लगाते नजर आए और गलती स्वीकार करते रहे।
कुख्यात पशु तस्कर निकले आरोपी
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान उर्फ पिन्ना, निवासी सूफी टोला और जुनैद, निवासी सैलानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों इलाके के चर्चित पशु तस्कर हैं, और लंबे समय से संरक्षित पशुओं की चोरी व अवैध कटान में लिप्त रहे हैं।
तमंचे, कारतूस और पशु काटने के औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस,पशु काटने के औजार बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दोनों घायल आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां पुलिस की कड़ी निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि उपचार के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस की सख्ती से तस्करों में हड़कंप
इस मुठभेड़ के बाद इलाके में पशु तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध पशु कटान और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
