गाजियाबाद : राजनगर एक्सटेंशन इलाके से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां किराया मांगने पहुंची फ्लैट मालकिन की किराएदार पति-पत्नी ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने न सिर्फ महिला की हत्या की, बल्कि शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे चाकू से काटकर सूटकेस में भर दिया और बेड बॉक्स में छिपा दिया।
मृतका की पहचान दीपशिखा शर्मा (40) के रूप में हुई है, जो अपने पति उमेश शर्मा के साथ सिहानी गेट इलाके में रहती थीं। उमेश शर्मा फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। दंपति का औरा चिमेरा सोसाइटी, राजनगर एक्सटेंशन में एक फ्लैट था, जिसे जुलाई 2025 में अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता को 18 हजार रुपये मासिक किराए पर दिया गया था।
परिजनों के अनुसार, किराएदार पिछले छह महीने से किराया नहीं दे रहे थे और लगातार टाल-मटोल कर रहे थे। 17 दिसंबर की शाम दीपशिखा शर्मा किराया मांगने के लिए उसी फ्लैट पर गई थीं। रात करीब 11 बजकर 20 मिनट तक जब वह घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की।
परिजन और सोसाइटी के लोग गार्ड रूम पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दीपशिखा को किराएदार अजय गुप्ता के फ्लैट में जाते हुए देखा गया, लेकिन बाहर निकलते हुए कोई फुटेज नहीं मिली। इसके बाद परिवार का शक गहरा गया और वे सीधे उस फ्लैट पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। शोर होने पर पड़ोसी भी जमा हो गए। जैसे ही दरवाजा खुला, आरोपी पति-पत्नी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट की तलाशी ली, लेकिन शुरुआत में शव नहीं मिला। जब दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर बेड बॉक्स से लाल रंग के सूटकेस में महिला का शव बरामद किया गया। शव देखते ही परिजन फूट-फूट कर रो पड़े।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि किराया न दे पाने के कारण वे परेशान थे और पांच दिन पहले ही हत्या की योजना बना चुके थे। 17 दिसंबर को दीपशिखा के पहुंचते ही उन्होंने उन्हें कमरे में बंद कर दिया। महिला के चिल्लाने पर कुकर से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, फिर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर सूटकेस में भर दिया गया। योजना थी कि रात में शव को गंग नहर, मुरादनगर में फेंककर फरार हो जाएंगे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
