बरेली : मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया है। एमबी इंटर कॉलेज में कार्यरत व्यवसायिक शिक्षक अजय अग्रवाल (52 वर्ष) की सोमवार देर रात ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। वह आईटीआई केंद्र पर गणना प्रपत्र (फॉर्म) फीडिंग की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
यह बोले परिजन
परिजनों के अनुसार, अजय अग्रवाल रात में अचानक बेचैन हो उठे और बार-बार यही कहते रहे,“फॉर्म नहीं भरे जाएंगे… बहुत दबाव है…”तभी उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने लगाए गंभीर आरोप हैं। परिजनों का कहना है कि एसआईआर के काम का अत्यधिक दबाव था। जिसके चलते अजय अग्रवाल लगातार तनाव में थे। बीमारी के बावजूद उनसे काम कराया जा रहा था। परिजनों ने साफ कहा है कि “जब तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं आते, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।”
प्रशासन आया हरकत में
बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलते ही उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मामले को गंभीर मानते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को परिवार से मिलने और स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए हैं। एसआईआर कार्य के दौरान लगातार सामने आ रही मौतों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले भी बरेली के एक बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है।
