बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टूडेंट को एडिटेड अश्लील तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि रामपुर निवासी अवधेश कुमार ने छात्रा की निजी तस्वीरें किसी तरह हासिल कीं और उन्हें अश्लील रूप देकर लगातार छात्रा, उसके मंगेतर और रिश्तेदारों के मोबाइल फोन पर भेजना शुरू कर दिया।
पुलिस को दी तहरीर, शादी नहीं होने दूंगा”, आरोपी की धमकी!
पीड़िता के पिता ने बारादरी थाने में दी तहरीर में बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने फोन पर कहा”मैं तुम्हारी बेटी की शादी कभी नहीं होने दूंगा।” पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि छात्रा रुहेलखण्ड मेडिकल कॉलेज में GNM की छात्रा है। आरोपी पहले उससे दोस्ती करने की कोशिश करता रहा। जब छात्रा ने दूरी बनाई, तो उसने तस्वीरें एडिट कर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। दबाव बनाने के लिए आरोपी ने फर्जी अश्लील तस्वीरें छात्रा के मंगेतर को भेज दीं, जिससे रिश्ता तुरंत टूट गया।
फोटो किया वायरल
परिवार का कहना है कि आरोपी ने तस्वीरें रिश्तेदारों और कई परिचितों तक वायरल कर दीं, जिसकी वजह से वे सामाजिक बदनामी से टूट चुके हैं। छात्रा लगातार मानसिक तनाव में है और घरवाले उसकी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। पीड़िता के घरवालों ने थाने ही नहीं, बल्कि एसएसपी कार्यालय तक शिकायत दी, लेकिन आरोपी के खिलाफ अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार धमकियां दे रहा है और परिवार को खुलेआम चुनौती दे रहा है।
परिवार की मांग, आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रा को न्याय मिल सके और ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
