कांग्रेस की मांग- परिवार को 1 करोड़ और नौकरी दो! बोले -नहीं रुकेंगे, न्याय लेकर रहेंगे”
बरेली : यूपी के बरेली में सहायक अध्यापक एवं बीएलओ सर्वेश कुमार गंगवार की एसआईआर ड्यूटी के दौरान हुई मौत को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माननीय अजय राय बरेली पहुंचे, और मृतक बीएलओ के परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीएलओ की मौत “सरकार और चुनाव आयोग की लापरवाही का सीधा परिणाम है, यह मौत नहीं, हत्या है।”
जोरदार स्वागत, फिर पहुंचे मृतक बीएलओ के घर

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आगमन पर शहर के बड़ा बाईपास झुमका चौराहा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे कांग्रेस नेताओं के साथ क्लब-7 के पास कृष्ण होम कॉलोनी पहुंचे। यहां दिवंगत सर्वेश कुमार गंगवार के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मृतक के मासूम बच्चों से भी मुलाकात की और परिवार से पूछा कि सरकार की ओर से अब तक क्या वास्तविक सहायता मिली है।
बीएलओ की मौत को बताया सिस्टम की विफलता

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि,“एसआईआर में लगे कर्मचारियों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। संसाधनों की भारी कमी है। कर्मचारी मानसिक तनाव में आ रहे हैं और मौत की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन चुनाव आयोग और भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा विपक्ष एसआईआर प्रक्रिया में कमियां उजागर कर रहा है, लेकिन चुनाव आयोग “भाजपा का पिछलग्गू बनकर” कार्य कर रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष बोले-“कांग्रेस उतरने जा रही है सड़क पर”
उन्होंने साफ कहा कि“बीएलओ सर्वेश गंगवार ही नहीं, प्रदेश में एसआईआर में लगे जिन-जिन कर्मचारियों की मौत हुई है। कांग्रेस उनकी लड़ाई लड़ेगी। दोषियों के खिलाफ जांच होनी ही चाहिए। जल्द ही कांग्रेस सड़क पर संघर्ष शुरू करेगी।”
कांग्रेस नेताओं ने भी सरकार पर बोला हमला

मिर्जा अशफाक सकलैनी (जिला अध्यक्ष) ने कहा “कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का काम है, लेकिन भाजपा सरकार तानाशाही पर उतर आई है। इतिहास में पहली बार विपक्ष के सवालों का जवाब भाजपा प्रवक्ता दे रहे हैं,चुनाव आयोग नहीं, यह बेहद चिंताजनक है। प्रदेश प्रवक्ता”डॉ. के. बी. त्रिपाठी ने “परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसकी घोषणा तुरंत सरकार को करनी चाहिए। यदि नहीं हुआ, तो कांग्रेस सड़क पर उतरेगी और आमरण अनशन तक करेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, कृष्णकांत शर्मा, अनूप वर्मा, जिया उर रहमान, मुजम्मिल रजा, रमेश श्रीवास्तव, पार्षद जरीफ उद्दीन, जोया खान, डॉ. सरताज हुसैन, सुरेश दिवाकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
