बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना का खुलासा हुआ,जब हाजीपुर- खटेली मार्ग पर नदी की पुलिया के नीचे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक की पहचान जुनैद निवासी भूरे खां गोटिया के रूप में हुई है। शव पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका गहराती जा रही है। हालांकि, पुलिस हत्या और हादसे की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर फरीदपुर ने “The Justice HINDI” को बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। उनकी तहरीर आने के बाद ही मुकदमा दर्ज होगा। उन्होंने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की सही बात सामने आएगी।
फोन कॉल के बाद घर से निकला था जुनैद, पूरी रात नहीं लौटा
परिजनों के मुताबिक, जुनैद का दोस्त जो बडराकासमपुर कटरा पट्टी गांव का रहने वाला है। उसने शनिवार देर रात फोन कर उसे घर बुलाया था।
जुनैद फोन आने पर अपनी बाइक से निकल गया, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। परिवार ने कई जगह खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिया के नीचे मिला शव, बाइक देखकर हुई पहचान
रविवार को राहगीरों ने पुलिया के नीचे एक युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिया पर खड़ी बाइक के नंबर से पुलिस ने शव की पहचान जुनैद के रूप में की। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखकर चीख -चीखकर रोने लगे।
फोरेंसिक टीम ने उठाए सैंपल, चोटों से हत्या का इशारा
मौके पर पहुँची फोरेंसिक टीम ने रक्त के धब्बे, मिट्टी के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। जुनैद के शरीर पर कई गहरी चोटों के निशान पाए गए, जो स्पष्ट रूप से किसी हमले की ओर संकेत करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का सीधा आरोप,“दोस्त ही कातिल
जुनैद के पिता नन्हे ने आरोप लगाया “फोन करके बुलाया, उसके बाद मेरे बेटे की हत्या कर दी… और सबूत छिपाने के लिए शव पुलिया के नीचे फेंक दिया।” परिवार ने संबंधित युवक पर हत्या और साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
क्षेत्र में फैली सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद इलाके में सनसनी है। फरीदपुर पुलिस का कहना है कि मामला अत्यंत गंभीर है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मित्रता, विवाद या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।
