भदोही: जिले की औराई स्थित एक कालीन कंपनी में शनिवार को तीन मजदूरों की जहरीली गैस से मौत होने से हड़कंप मच गया। हादसा डाइंग हाउस के केबिन में हुआ, जहां बिगड़ी मोटर को ठीक करने के लिए तीनों मैकेनिक उतरे थे।
मृतकों में दयालापुर के शितला मिश्र (55), सहसेपुर के शिवम् दुबे (32) और मध्यप्रदेश के राजकिशोर तिवारी (52) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि केबिन में पहले वॉशिंग और ई.टी.पी. प्लांट से जुड़ी प्रक्रिया के दौरान जहरीली गैस भर गई थी। जैसे ही तीनों केबिन में उतरे, गैस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और गैस लीकेज के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद फैक्ट्री में डर और आक्रोश का माहौल है, जबकि परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
