नोएडा: स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की ड्यूटी से तंग एक महिला टीचर ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। मामला सेक्टर-34 स्थित गेझा के उच्च प्राथमिक स्कूल का है। महिला टीचर का नाम पिंकी सिंह है। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा कि उन्होंने SIR के 215 फॉर्म फीड कर दिए हैं, अब उन्हें BLO का काम नहीं करना है और न ही पढ़ाई कर पाएंगी।
स्कूल प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने बताया कि पिंकी ने पहले ही SIR अभियान में ड्यूटी न लगाने की अपील की थी, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्हें रॉकवुड स्कूल मतदान केंद्र में BLO की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रविवार को पिंकी ने BLO के व्हाट्सऐप ग्रुप पर निर्वाचन अधिकारी के नाम अपना इस्तीफा भेजा। BSA (बेसिक शिक्षा अधिकारी) राहुल पवार ने इस मामले पर कहा कि उन्हें इस इस्तीफे की कोई जानकारी नहीं है और किसी टीचर ने उन्हें अभी तक इस्तीफा नहीं भेजा।

टीचर ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि उनका BLO पार्ट नंबर 206 है, मतदाता स्थल रॉकवुड स्कूल है और उनके हिस्से में 1179 मतदाता हैं। उन्होंने ऑनलाइन सभी 215 फीड कर दिए हैं, अब वह जॉब छोड़ रही हैं क्योंकि अब उनसे न शिक्षण कार्य होगा और न BLO कार्य। उन्होंने यह भी पूछा कि निर्वाचन सामान किसे सौंपना चाहिए।
दरअसल, यूपी में इस समय स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन चल रही है। सरल शब्दों में कहें तो मतदाता सूची को अपडेट किया जा रहा है। इसके लिए सरकारी स्कूलों के कई शिक्षक BLO बनकर घर-घर जाकर मतदाता सूची अपडेट कर रहे हैं। आरोप है कि इसके चलते शिक्षकों पर कार्य का दबाव बढ़ गया है। कई जगहों से यहां तक खबरें आई हैं कि अत्यधिक दबाव के कारण शिक्षक मानसिक और शारीरिक तनाव में हैं। यह मामला दिखाता है कि सरकारी कर्मचारियों पर अतिरिक्त चुनावी जिम्मेदारी कितनी चुनौतीपूर्ण और दबाव भरी साबित हो रही है।
