हादसे के शिकार सभी मृतक नालंदा जिले के, गांव में मातम
पटना/लखनऊ : बिहार की राजधानी पटना में शनिवार सुबह हिलसा -दानियावां रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। यह घटना पटना के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियावा स्टेशन के पास हुई, जहां एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे टेम्पो को टक्कर मार दी। हादसे में मरने वालों में पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक नालंदा जिले के मलावा गांव के रहने वाले थे और फतुहा के त्रिवेणी घाट पर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
वाहनों की टक्कर के धमाके से दहले लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपी ट्रक ड्राइवर फरार
ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक ड्राइवर की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मगर, इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
