लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और लू के इस दौर में प्रदेश की जनता बिजली की अघोषित कटौती, ट्रिपलिंग और ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्याओं से त्रस्त है, जबकि भाजपा सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
“बिजली सुधार के लिए कुछ नहीं किया भाजपा ने”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जबसे सत्ता में आई है, तब से उसने बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया। ट्रांसफार्मरों के समय से रखरखाव न होने के कारण वे अक्सर फुंक रहे हैं। जिससे गांवों से लेकर शहरों तक अंधेरा पसरा रहता है।
“24 घंटे बिजली का वादा छलावा निकला”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने चुनावों से पहले प्रदेश को 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत यह है कि बड़े शहरों तक को निर्बाध बिजली नहीं मिल रही, जबकि छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी खराब है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केवल कागजों पर बिजली का रोस्टर पूरा कर रही है, जबकि जमीन पर जनता बिजली के लिए तरस रही है।
“भाजपा सरकार में नहीं हुआ एक यूनिट बिजली उत्पादन”
सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा सरकार के पिछले 8 वर्षों में न तो एक यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ और न ही कोई नया पावर प्लांट लगाया गया। उन्होंने कहा कि आज जो भी बिजली प्रदेश को मिल रही है, वह समाजवादी सरकार के कार्यकाल में स्थापित पावर प्लांटों से मिल रही है। एटा और कानपुर देहात सहित कई जिलों में समाजवादी शासनकाल में बिजली परियोजनाएं शुरू की गई थीं, जिनका काम भी भाजपा सरकार ने विलंब से पूरा किया।
“समाजवादी सरकार ने रखी थी मजबूत नींव”
उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने विद्युत आपूर्ति में वृद्धि के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई थी। जिसमें ग्रामीण विद्युतीकरण, अंडरग्राउंड केबल बिछाना, और ट्रांसफार्मर की त्वरित मरम्मत के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। आज भाजपा सरकार उन्हीं योजनाओं का ठीक से संचालन नहीं कर पा रही है और अब बिजली क्षेत्र को निजी कंपनियों को सौंपने की तैयारी कर रही है।
“जनता को भुगतना पड़ रहा है खामियाजा”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामी का खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है। एक ओर बिजली मिल नहीं रही है, दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिलों का बोझ जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उत्पादन, पारेषण और वितरण, किसी भी स्तर पर सुधार नहीं कर पाई है।
![]()
