बिलारी/ मुरादाबाद/लखनऊ : यूपी के बिलारी क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक युवक और युवती के शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले। यह घटना बिलारी-चंदौसी रेलवे लाइन के कुआं खेड़ा हाल्ट के पास की है, जहां ग्रामीणों ने दोनों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान भोला उर्फ सुशांत (19 वर्ष) और आशी (17 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव सैफपुर जगना के निवासी थे और उनके घरों की दूरी महज सौ मीटर थी। इस मामले में The Justice Hindi से बातचीत में CO बिलारी ने बताया कि—‘युवती के पिता की ओर से तहरीर दी गई है कि वह रात में शौच के लिए निकली थी और फिर हादसे का शिकार हो गई। युवक की तरफ से अभी तक कोई परिजन सामने नहीं आया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।’
रात में निकली थी युवती, सुबह मिले शव
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे आशी घर से शौच के लिए कहकर निकली, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। दूसरी ओर भोला भी रात से ही घर से गायब था।गुरुवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे, रेलवे पुलिस ने गांव के प्रधान को युवक-युवती के शव मिलने की सूचना दी। सुबह साढ़े चार बजे परिजन मौके पर पहुंचे, जहां दोनों के कटे शवों को देखकर सभी स्तब्ध रह गए।पुलिस ने सुबह 6 बजे दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रेम प्रसंग या कोई और वजह?
गांव में चर्चा है कि भोला और आशी के बीच कुछ समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार किया है। पुलिस को अभी तक किसी सुसाइड नोट या ठोस कारण का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई दबाव, डर या साजिश छिपी है। हाल ही में मृतका ने इंटरमीडिएट पास किया था। वह घर पर परचून की दुकान भी चलाती थी। मृतक खेती करता था और ट्रैक्टर भी चलाता था। उसका बड़ा भाई संजीव फौज में, दूसरा भाई मुरादाबाद में काम करता है।बहन शिवानी अविवाहित है
पुलिस जांच में जुटी, सभी पहलुओं पर नजर
पुलिस का कहना है कि वह हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। यह आत्महत्या थी या हत्या, या फिर सामाजिक दबाव का परिणाम। स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और रेलवे सुरक्षा बल मिलकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रहे हैं। परिजनों और ग्रामीणों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
