आगरा/लखनऊ : यूपी के आगरा जिले के इरादतनगर क्षेत्र के बृथला गांव में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। सोने-चांदी के व्यापारी लक्ष्मीकांत वर्मा पर अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर फरार होने का संदेह है। घटना की भयावहता इस बात से और गहराई लेती है कि घटना से पहले CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे।
पत्नी के सिर पर ईंट से वार, बेटी को दिया गया ज़हर
हत्या की जानकारी तब हुई जब पड़ोसी तरुण वर्मा बाइक मांगने पहुंचे। घर की दोनों मंज़िलों के दरवाज़ों की कुंडी बाहर से लगी थी। भीतर जाकर देखा तो कृष्णा वर्मा (40 वर्ष) खून से लथपथ पड़ी थीं, जबकि बेटी लाडो (12 वर्ष) की लाश पास की चारपाई पर थी। बेटी के मुंह से झाग निकल रहे थे। जिससे आशंका है कि उसे विषाक्त पदार्थ खिलाया गया। पास ही खून से सनी ईंट भी मिली।
सुबह 5 बजे पति बाइक लेकर घर से निकला
डीसीपी पूर्वी जोन अली अब्बास ने बताया कि मां-बेटी की हत्या की पुष्टि हो चुकी है। पति लक्ष्मीकांत वर्मा का फोन घर में ऑन मिला, लेकिन वह खुद फरार है। पड़ोसियों ने उसे सुबह 5 बजे बाइक से जाते देखा था।परिवार वालों ने अब तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
हत्या की योजना पहले से तैयार थी
पुलिस जांच में सामने आया है कि घर और दुकान में CCTV कैमरे लगे थे, लेकिन उन्हें बंद कर दिया गया था। जिससे यह अंदेशा और गहरा हो गया है कि यह पूर्व नियोजित हत्याकांड है।
कई सालों से चला आ रहा था विवाद
लक्ष्मीकांत की शादी 16 साल पहले शाहगंज की कृष्णा वर्मा से हुई थी। उनके तीन बच्चे थे। इसमें दो बेटे और एक बेटी लाडो। हत्या के वक्त बेटे मामा के घर थे और घर में सिर्फ पति-पत्नी और बेटी मौजूद थे। पड़ोसी बताते हैं कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
फॉरेंसिक टीम मौके पर
एसीपी शमसाबाद गिरीश कुमार और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। लक्ष्मीकांत के चारों भाई अलग-अलग जगहों पर रहते हैं। इस घटना की सूचना मिलते ही परिजन और दोनों बेटे भी मौके पर पहुंचे, लेकिन शोक की हालत में कुछ बोल नहीं सके। एक शांत दिखने वाले परिवार के भीतर पल रही घुटन और हिंसा की यह कहानी समाज के सामने एक बड़ा सवाल छोड़ती है। घर की दीवारों के पीछे क्या हो रहा है, कोई क्यों नहीं जान पाता?
![]()
