हाथरस/लखनऊ: हाथरस शहर में शनिवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जिला अधिकारी (डीएम) के ड्राइवर की बेटी की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शहर के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में से एक तहसील सदर गेट के सामने हुई।
बाजार जाते वक्त हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, डीएम के ड्राइवर राकेश शर्मा अपनी पत्नी और बेटी के साथ तहसील परिसर के आवासीय क्षेत्र में रहते हैं। उनकी बेटी टिवक्कल उर्फ कल्पिता शर्मा (24 वर्ष) ने प्रेमरघु पैरामेडिकल कॉलेज से जीएनएम की पढ़ाई की थी और इस समय मथुरा जिला अस्पताल में बतौर स्टाफ नर्स कार्यरत थी। शनिवार शाम को वह अपनी मां उर्मिला देवी के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। जैसे ही दोनों तहसील सदर गेट के पास पहुंचीं, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कल्पिता के सीधे हाथ पर गोली चलाई, जो शरीर को चीरती हुई सीने में जा लगी। वह स्कूटी से गिर पड़ी और मौके पर ही लहूलुहान हो गई।
इलाके में मची अफरा-तफरी, हमलावर फरार
गोली की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कल्पिता की मां की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने साजिश का लगाया आरोप
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह एक सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई है। उन्होंने परिवार की बहू और उसके परिचितों पर हत्या करवाने का शक जताया है। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से घर में घरेलू विवाद चल रहा था।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
