बरेली/बदायूं : रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना बदायूं जिले के उघैती थाना क्षेत्र से सामने आई है। यहां एक युवक दिल्ली में मजदूरी कर परिवार पाल रहा था, लेकिन इसी बीच उसके भरोसे का कत्ल उसके ही घर में हो गया। उसकी पत्नी अपने ही भांजे के साथ फरार हो गई।
10 जून को कहा, दवा लेने जा रही हूं, फिर नहीं लौटी
पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दिल्ली में कबाड़ का काम करता है। 10 जून को उसकी पत्नी ने फोन पर बताया कि वह दवा लेने बिसौली जा रही है। शाम तक जब वह घर नहीं लौटी, तो कई बार फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद दिल्ली से लौटकर आया, तब हकीकत सामने आई। शनिवार को पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
घर पहुंचा तो टूटा भरोसा, जेवर-नकदी भी साथ ले गई
पति जब गांव लौटा, तो उसे पता चला कि पत्नी उसके भांजे के साथ फरार हो गई है। घर की तलाशी लेने पर पाया गया कि 30 हजार रुपये नकद और घर के जेवरात भी साथ ले गई है।
भरोसे की दीवार गिरी, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने अब थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों को तलाश कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
