पुरानी रंजिश में रची गई साजिश,छत के रास्ते घर में घुसे आरोपी, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
मैनपुरी/लखनऊ : यूपी के मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम जखौआ में रविवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक महिला की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके से एक हमलावर को अवैध असलहे सहित गिरफ्तार कर लिया है।
छत से घुसा हत्यारा, मां को मारी गोली
ग्राम जखौआ गांव निवासी अरविंद कुमार ने सोमवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुराना विवाद गांव के ही रुकुम सिंह से चल रहा था। आरोप है कि रुकुम सिंह ने अपने पुत्र मुनेन्द्र, पत्नी सपना और अन्य साथियों के साथ मिलकर 1 जून की रात हत्या की साजिश रची। मुनेन्द्र ने अपने साले संगम निवासी तौसईया किसानन, थाना जसरथपुर, जिला एटा को दो अज्ञात साथियों के साथ बुलाया। इसके बाद रात करीब दो बजे संगम को अरविंद के घर की छत पर चढ़ाया गया। आरोपी ने वहां से नीचे उतरकर उसकी मां रानी देवी को गोली मारकर हत्या कर दी।
एक आरोपी मौके से दबोचा, बाकी फरार
गोली की आवाज सुनकर अरविंद, उसका भाई प्रदीप और मौसेरी बहन प्रवीना जाग गए और सतर्कता दिखाते हुए आरोपी संगम को मौके से असलहे सहित पकड़ लिया। बाकी आरोपी छत पर हथियारों के साथ निगरानी कर रहे थे और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। अरविंद की तहरीर पर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गांव में डर का माहौल, परिवार को जान से मारने की धमकी
मृतका के परिजनों ने बताया कि आरोपी इन्द्रजीत उर्फ मीटू लगातार उन्हें धमकी दे रहा है। गांव में भय और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
![]()
