भाजपा का झूठ ही उसे सत्ता से बाहर करेगा”, “बीजेपी को बताया भूमाफिया पार्टी”
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार, अपराध और लूट चरम पर हैं, और प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
“भाजपा भूमाफिया पार्टी बन चुकी है”

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता विभिन्न जिलों में सरकारी जमीनों और गरीबों की जमीनों पर अवैध कब्जे कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार में ईमानदारी नहीं, सिर्फ बेईमानी है। हर स्तर पर भ्रष्टाचार फैला हुआ है।”
“भाजपा का झूठ ही उसे सत्ता से बाहर करेगा”

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा लगातार जनता को गुमराह कर रही है, लेकिन अब लोग भाजपा के झूठ को पहचान चुके हैं। उन्होंने कहा, “जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा सिर्फ वादे करती है, काम कुछ नहीं करती। यही झूठ भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा।”
अग्निवीर योजना पर फिर दोहराया विरोध

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह योजना सेना और युवाओं दोनों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा, “भारत की सेना दुनिया की सबसे बहादुर सेना है, लेकिन भाजपा सरकार ने अग्निवीर योजना लाकर युवाओं से पूरी फौजी सेवा का अवसर छीन लिया है। समाजवादी पार्टी इसका पूरी तरह विरोध करती है।”
“छोटे कारोबारियों को मिले बढ़ावा, तभी बनेगी ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी”
उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है, तो छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को प्रोत्साहन देना जरूरी है। उन्होंने इनवेस्टमेंट समिट को महज दिखावा बताते हुए कहा कि, “सरकार उद्योगपतियों से जबरदस्ती वादे तो करवा लेती है, लेकिन जमीनी निवेश नदारद है।” साथ ही यह भी कहा कि अधिकारी कमीशन मांगते हैं, जिससे निवेशक निराश होकर लौट जाते हैं।
“अधिकारी बदलने के साथ टेंडर भी बदल जाते हैं”
पूर्व सीएम ने कहा कि सरकार की नौकरशाही में भी भ्रष्टाचार चरम पर है। कुछ अधिकारियों के तबादले के बाद टेंडर रद्द किए जा रहे हैं, जिससे विकास के कार्य ठप हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश का विकास भ्रष्टाचार के दलदल में फँस गया है। ऐसे में तरक्की की उम्मीद करना बेकार है।”
“भाजपा सरकार नौकरी और विकास के हर मोर्चे पर विफल”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जोर देकर कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता का भरोसा खो दिया है। न रोजगार है, न उद्योगों का विस्तार। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को अब समाजवादी सरकार का इंतजार है, जो रोजगार, विकास और पारदर्शिता की दिशा में काम करती है।
सपा के वरिष्ठ नेता भी रहे मौजूद
इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहे। इस दौरान बलराम यादव (पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी), राजेन्द्र चौधरी (पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी), श्यामलाल पाल (प्रदेश अध्यक्ष), फरीद महफूज किदवई (पूर्व मंत्री एवं विधायक),प्रो. बी. पाण्डेय, अरविन्द कुमार सिंह (पूर्व सांसद), प्रदीप यादव, मनोज पारस, तसलीम अहमद, आशु मलिक, अतुल प्रधान (विधायक), संतोष पाण्डेय (पूर्व विधायक), काशीनाथ यादव, माबिया अली, नईमुल हसन, आरएस कुशवाहा, जावेद आब्दी, ब्यासजी गौड़, फैजल सलमानी सहित कई नेता और कार्यकर्ता।
