लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का चरित्र पूरी तरह अलोकतांत्रिक और उसका आचरण अधिनायकवादी है। भाजपा अब भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरा बनती जा रही है। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में अराजकता फैलाकर चुनाव प्रभावित करना चाहती है। हर विभाग में भ्रष्टाचार और घोटाले हो रहे हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं, और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
जमीनों पर भाजपाइयों के कब्जों का आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता खुद जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं और प्रदेश को ‘भू-माफिया राज्य’ में बदल दिया गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “यह सरकार न विकास में विश्वास रखती है और न ही जनता की भलाई में। पूरी सरकार केवल लूट और झूठ में व्यस्त है।”
सपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया

पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को एक्सप्रेसवे, मेट्रो, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, पार्क, महिला हेल्पलाइन 1090 और पावर प्लांट जैसे ढांचागत विकास मिले। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में एक यूनिट बिजली उत्पादन भी नहीं बढ़ाया।
अब जनता बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा की गलत नीतियों

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की “गलत नीतियों” और “अन्याय-अत्याचार” को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होगा और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। इस दौरान कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, राज्यसभा सांसद जावेद अली, सांसद आरके चौधरी, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
![]()
