लखनऊ/गोरखपुर : यूपी के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोला थाना क्षेत्र के लकुड़ी गांव में बहन की शादी से महज चार दिन पहले दो सगे भाइयों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक हादसा पूरे गांव को झकझोर गया है। मृतकों की मां ने आत्महत्या के पीछे का जो कारण बताया, उसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।
पहले छोटे भाई ने की खुदकुशी, फिर बड़े भाई ने फंदा लगाकर दी जान
18 वर्षीय सत्यम ने पहले फांसी लगाकर जान दे दी। इसके कुछ घंटों बाद ही 25 वर्षीय बड़े भाई संदीप ने भी उसी कमरे की कुंडी में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत से परिवार और गांव में मातम पसर गया है। शादी का घर मातम में तब्दील हो गया।
प्रेम संबंध बना वजह, मां ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
परिजनों के मुताबिक, सत्यम का एक लड़की से प्रेम संबंध था। करीब पांच महीने पहले दोनों ने मंदिर में शादी कर ली थी। हाल ही में सत्यम बहन की शादी की तैयारी में भाग लेने के लिए गांव आया था और लड़की को भी साथ ले गया था। इस पर लड़की के परिजन नाराज हो गए और 11 मई को सत्यम के घर आकर अभद्रता करते हुए धमकियां दीं। मां कमलावती ने आरोप लगाया कि लड़की के चचेरे भाई रवि ने धमकी दी कि अगर सत्यम सामने नहीं आया तो उसकी बहनों को उठा लिया जाएगा। इसी तनाव और भय के माहौल में सत्यम ने खुदकुशी कर ली।
संदीप मानसिक रूप से बीमार था, भाई की मौत नहीं झेल सका
बड़े भाई संदीप मानसिक रूप से बीमार बताया गया है। जब उसने छोटे भाई की मौत देखी तो खुद को नहीं संभाल पाया और रात को उसी स्थान पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घर में मौजूद मां और बहनों के सामने यह दुखद मंजर दिल दहला देने वाला था।
शादी की तैयारियां बनीं मातम का कारण
इस त्रासदी के बीच सबसे बड़ी मार पड़ी घर की छोटी बेटी रिया पर। उसकी शादी 15 मई को तय थी। भाईयों की मौत से सदमे में आई रिया अचेत होकर गिर पड़ी। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मां कमलावती ने रोते हुए कहा, “अब तो जीने का कोई सहारा भी नहीं बचा।”
पिता चेन्नई में करते हैं नौकरी, बड़ी बहन ने दिया मुखाग्नि
मृतकों के पिता रामगोविंद चेन्नई में नौकरी करते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है और वे घर लौट रहे हैं। घटना के बाद बड़ी बहन सुनीता ने दोनों भाइयों का दाह संस्कार किया। इस दौरान भीम आर्मी के मंडल प्रभारी सहित पुलिस की मौजूदगी रही। बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
गोला थाना प्रभारी अंजुल कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मां की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
