बरेली : यूपी के बरेली जिले में शुक्रवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई जब एक युवक का गोलियों से छलनी शव कैंट थाना क्षेत्र में मोहनपुर पंचायतघर के सामने पड़ा मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय संकित चौहान के रूप में हुई है, जो अशोक नगर का निवासी था।
रात से लापता था संकित, सुबह पंचायतघर के पास मिला शव
जानकारी के मुताबिक, मृतक का भाई अंकित चौहान जब मौके पर पहुंचा, तो उसने शव की पहचान अपने छोटे भाई संकित के रूप में की। संकित मेडिसिटी अस्पताल के सामने पराग डेयरी की दुकान पर काम करता था और नशे का आदी था। गुरुवार रात करीब 11 बजे तक वह दुकान पर मौजूद था, इसके बाद वह लापता हो गया।
मोबाइल पर आई कॉल से हुई पहचान
हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब रोहित नामक युवक ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो शव के पास पड़े मोबाइल फोन पर लगातार कॉल आ रही थी। पुलिस ने कॉल रिसीव की तो दूसरी तरफ से अंकित चौहान बोल रहे थे, जिन्होंने शव की पहचान अपने भाई संकित के रूप में की।
सीने पर गोली का निशान, हत्या की आशंका
इंस्पेक्टर कैंट राजेश कुमार ने बताया कि मृतक के बाएं सीने पर गोली लगने जैसा गहरा घाव है, जिससे खून बहा हुआ था। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्यारों की तलाश शुरू कर दी गई है। परिवार की ओर से अब तक कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई है। युवक की हत्या में नशे से जुड़ा विवाद या आपसी रंजिश हो सकती है। मोबाइल कॉल डेटा के ज़रिए आखिरी संपर्कों की जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
![]()
