बरेली : यूपी के बरेली जनपद में लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार की ज़िंदगी पर कहर बनकर कहर ढा दिया। आंवला कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव भीमलौर में देर रात बारिश के दौरान एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान में सो रहे दंपती समेत परिवार के आठ सदस्य मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मकान गिरने की आवाज़ सुनकर गांव में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
ऐसे हुआ हादसा
गांव के निवासी चंद्रपाल (50 वर्ष) अपने परिवार के साथ बुधवार रात करीब 12 बजे घर में सो रहे थे। इसी दौरान भारी बारिश हुई और अचानक उनका कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। मकान गिरते ही पूरा परिवार मलबे में दब गया। घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर चौकी और आंवला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी और फिर जिला अस्पताल भेजा गया।
घायल जिला अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में भोजराम (55 वर्ष), चंद्रपाल (50 वर्ष), उनकी पत्नी सुनीता (45 वर्ष), पुत्र रवि (15 वर्ष), बलवीर (10 वर्ष), बेटी मंजू (9 वर्ष),ज्योति (8 वर्ष), बेटा संजीव (2 वर्ष) को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में इलाज को भर्ती कराया गया है।
जानें क्या बोले सीओ आंवला
सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि समय रहते राहत कार्य शुरू कर दिया गया था। जिससे जान-माल की बड़ी हानि टल गई। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और सभी खतरे से बाहर हैं।
बारिश बनी आफत, अलर्ट पर प्रशासन
बरेली में पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण कई कच्चे मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन द्वारा पहले ही अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी बड़ी संख्या में परिवार कच्चे घरों में रह रहे हैं।
