बरेली/ मुरादाबाद : शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले स्कूल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मुरादाबाद के मूंढापांडे ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय कुलीपुर उर्फ नंगला में प्रिंसिपल शकुंतला देवी और सहायक अध्यापिका संगीता रानी के बीच कहासुनी हो गई। यह घटना न सिर्फ शिक्षा विभाग के लिए शर्मनाक बन गई, बल्कि इसका वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
जानें पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाओं के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। करीब 15 दिन पहले स्कूल में एक ऐसी घटना घटी थी। जिसमें टीचर संगीता रानी ने प्रिंसिपल शकुंतला देवी को कार्यालय में कुर्सी से धक्का देकर गिरा दिया। उस समय टीचर के साथ एक अन्य महिला भी मौजूद थी। जिसने प्रिंसिपल को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सामने आया है। जिसने शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है।
बीएसए ने दिए जांच के आदेश, रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) विमलेश कुमार ने तुरंत इस घटना को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (ABSA) राजेश कुमार को जांच का जिम्मा सौंपा। एबीएसए ने विद्यालय पहुंचकर स्टाफ, बच्चों और अभिभावकों से बातचीत कर रिपोर्ट तैयार की।
जांच रिपोर्ट में पुष्टि
टीचर संगीता रानी ने ही प्रिंसिपल को धक्का दिया था। जिससे वह जमीन पर गिर गई थीं। प्रिंसिपल पर आरोप है कि प्रिंसिपल शकुंतला देवी रसोइयों के साथ गाली-गलौज करती हैं। वह बच्चों से कक्षा में झाड़ू-पोंछा लगवाने जैसे काम भी करवाती थीं। अभिभावकों ने भी आरोप लगाया कि प्रिंसिपल उनके साथ दुर्व्यवहार करती थीं। प्रिंसिपल और टीचर दोनों निलंबित जांच रिपोर्ट के आधार पर BSA विमलेश कुमार ने दोनों शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उन्हें जिले के अलग-अलग स्कूलों से संलग्न (अटैच) किया गया है। शकुंतला देवी को प्राथमिक विद्यालय नरखेड़ा मूंढापांडे से अटैच किया गया है। संगीता रानी को प्राथमिक विद्यालय मिलक कुंडेवाली से अटैच किया गया है। हालांकि, आरोपों की जांच की जा रही है।
BSA ने दी सख्त चेतावनी
बताया जाता है कि बीएसए विमलेश कुमार ने बयान जारी कर कहा कि “शिक्षण संस्थानों में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षक का कार्य बच्चों को शिक्षा देना है, न कि आपसी लड़ाई से स्कूल का माहौल बिगाड़ना।”इस मामले में बीएसए से बात करने की कोशिश की गई। मगर,संपर्क नहीं हो सका।
