मुरादाबाद/कोटद्वार/लखनऊ : यूपी के बिजनौर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसमें मुरादाबाद निवासी रीना सिंधू ने अपने प्रेमी परितोष कुमार के साथ मिलकर अपने पति रविंद्र कुमार की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को उत्तराखंड के कोटद्वार में फेंक दिया गया। जिससे यह घटना एक अंतर्राज्यीय क्राइम में बदल गई।
शराब, फावड़ा और सुनियोजित मर्डर प्लान
जानकारी के अनुसार, रीना और रविंद्र के रिश्ते में लंबे समय से तनाव चल रहा था। इस दौरान रीना की मुलाकात एक फिजियोथेरेपी सेंटर में परितोष से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। रीना ने परितोष से पति को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और 10 लाख रुपये देने का वादा किया, जो वह मकान बेचकर देने वाली थी।
31 मई को रची गई खौफनाक साजिश
रीना ने 31 मई को पति रविंद्र को परितोष के घर बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई गई, और फिर परितोष ने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कोटद्वार के दुगड्डा क्षेत्र में सड़क के नीचे फेंक दिया गया।
CCTV फुटेज बना सबूत
उत्तराखंड पुलिस को 5 जून को रविंद्र का शव मिला। CCTV फुटेज से पुलिस को एक संदिग्ध कार की जानकारी मिली, जो घटनास्थल के आसपास दिखाई दी। गहन जांच के बाद पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रीना सिंधू (C-51, रामगंगा विहार, मुरादाबाद) और परितोष कुमार (ग्राम सराय, थाना नगीना, बिजनौर) को बिजनौर के नगीना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया है। कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
संपत्ति बना हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और करोड़ों की संपत्ति मुख्य वजह रही। मृतक रविंद्र की रीना से दूसरी शादी थी, और दोनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था।
