सपा प्रमुख बोले – किसान विरोधी है ये डील, केंद्र सरकार से सवाल
लखनऊ/आगरा : अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापारिक समझौते (US Trade Deal) को लेकर समाजवादी पार्टी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद अखिलेश यादव ने इस डील को किसान, मजदूर और देश के उत्पादन तंत्र के खिलाफ बताते हुए कहा कि “ये डील वो डाल है,जिसको उस पर बैठने वाला ही काट रहा है।”
संसद परिसर में सपा सांसदों का प्रदर्शन

गुरुवार को समाजवादी पार्टी के सांसदों ने संसद परिसर में बैनर -पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया।सांसदों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि प्रस्तावित US डील किसानों के हितों के खिलाफ है, और इससे कृषि, डेयरी तथा छोटे कारोबार प्रभावित होंगे।
खेती-मजदूरी ही नहीं, बल्कि हर तरह के पैदावार,उत्पादन भी प्रभावित
सपा प्रमुख ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि यह डील “सिर्फ खेती-मजदूरी ही नहीं बल्कि हर तरह के पैदावार, उत्पादन, काम-कारोबार और रोजगार के खिलाफ है।” उन्होंने इसे “अदृश्य जंजीर” करार देते हुए आरोप लगाया कि सरकार विदेशी दबाव में देश के बाजार को खोल रही है। उन्होंने कहा कि यदि विदेशी उत्पाद बड़े पैमाने पर आएंगे तो देश के किसान और स्थानीय उत्पादक नुकसान में जाएंगे। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस समझौते की शर्तें क्या हैं और किसानों के हितों की रक्षा कैसे होगी।
बजट और शिक्षा पर भी सवाल
आगरा में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार के बजट पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “दिल्ली और लखनऊ दोनों के बजट आए, लेकिन जूता उद्योग राहत मांगते-मांगते जूते घिस गया।”शिक्षा बजट का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि “एक लाख करोड़ रुपये शिक्षा पर खर्च का दावा है, लेकिन गुणवत्ता में सुधार क्यों नहीं दिख रहा?”
जनता ने भाजपा को हराया
सपा प्रमुख ने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठजोड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को हराया है, इसलिए सरकार असमंजस में है। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए।
