बरेली : उत्तर प्रदेश पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा बरेली में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से आयोजित कराने को डीएम अविनाश सिंह ने आज (शनिवार) को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस परीक्षा का आयोजन जनपद के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर किया गया। यहां 6960 अभ्यर्थियों में से 2912 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 4048 अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने मौलााना आज़ाद इंटर कॉलेज, श्री गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज, तथा श्री गुरु नानक रिक्खी सिंह कन्या इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
CCTV कैमरों से अभ्यर्थियों की निगरानी

निरीक्षण के दौरान डीएम ने CCTV कैमरों, कंट्रोल रूम और वीडियो मॉनिटरिंग व्यवस्था की भी जांच की। एग्जाम के दौरान अभ्यर्थियों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही थी। सभी CCTV सक्रिय और संचालित अवस्था में पाए गए।
DM ने दी ये हिदायत

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा में निर्धारित मानकों और नियमों का पूरी कड़ाई से पालन होना चाहिए। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित की जाए। कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न होना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान एडीएम नगर सौरभ दुबे, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
