लखनऊ : उत्तर प्रदेश शासन ने।वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश को लगभग एक वर्ष बाद सेवा में बहाल कर दिया है। शासन के नियुक्ति अनुभाग-5 की ओर से जारी आदेश के अनुसार उनकी निलंबन अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें पुनः सेवा में बहाल करने का निर्णय लिया गया है। यह आदेश विशेष सचिव विजय कुमार की ओर से जारी किया गया है। जिसमें स्पष्ट किया गया है कि 14 मार्च 2026 को निलंबन अवधि समाप्त होने के बाद 15 मार्च 2026 से उनकी सेवा बहाल मानी जाएगी।
शिकायत के बाद 2025 में किया गया था निलंबित

शासनादेश के अनुसार पंजाब के फिरोजपुर निवासी विश्रजीत दत्ता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू हुई थी। यह शिकायत 20 मार्च 2025 को प्राप्त हुई थी।उस समय अभिषेक प्रकाश उत्तर प्रदेश शासन में अवसंरचना एवं औद्योगिक विकास विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे और साथ ही Invest UP के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) भी थे। शिकायत के बाद शासन ने अखिल भारतीय सेवाएं (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1969 के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए 20 मार्च 2025 को उन्हें निलंबित कर दिया था।
राज्यपाल की मंजूरी के बाद सेवा में बहाली
नवीन आदेश में कहा गया है कि राज्यपाल की अनुमति से उनके खिलाफ चल रही विभागीय कार्रवाई यथावत रखते हुए निलंबन अवधि को समाप्त कर दिया गया है। आदेश के अनुसार 14 मार्च 2026 को उनकी निलंबन अवधि पूरी हो गई, जिसके बाद 15 मार्च 2026 से उन्हें पुनः सेवा में बहाल करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
विशेष सचिव ने जारी किया शासनादेश
यह आदेश उत्तर प्रदेश शासन के नियुक्ति अनुभाग-5 द्वारा जारी किया गया है। शासनादेश पर विजय कुमार, विशेष सचिव, के डिजिटल हस्ताक्षर हैं। इसके साथ ही आदेश की प्रतिलिपि केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, उत्तर प्रदेश के संबंधित विभागों और अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
