अखिलेश यादव का भाजपा पर वार- महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी की जिम्मेदार सरकार
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और देश के बड़े जननेता नेताजी मुलायम सिंह यादव का जन्मदिवस आज पूरे प्रदेश और देशभर के कई प्रांतों में अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। सभी ने नेता जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और उनकी समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।प्रदेश के विभिन्न जिलों में अस्पतालों, आश्रमों और गरीब बस्तियों में फल वितरण, भंडारों और सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर गोष्ठियों, विचार सभा और स्मरण कार्यक्रमों में नेता जी के संघर्षों और योगदान को याद किया गया।

अखिलेश यादव ने कहा- नेता जी का जीवन संघर्ष, सेवा और समाजवाद की शिक्षा
मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि“आज हम सभी श्रद्धेय नेता जी को याद कर रहे हैं। उनका पूरा जीवन संघर्षों से भरा रहा। किसानों, नौजवानों, गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों हर वर्ग के लिए उन्होंने ऐतिहासिक फैसले लिए। समाजवादी पार्टी उन्हीं के बताए हुए रास्ते पर चल रही है।”उन्होंने कहा कि आज राजनीतिक माहौल बदल चुका है और लड़ाई का तरीका भी नया हो गया है। इसलिए कार्यकर्ताओं को सूझ-बूझ और समझदारी से जनता से जुड़ना होगा। अखिलेश यादव ने दोहराया कि समाजवादी पार्टी संविधान, लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

“समाजवादी सरकार ने किया था विकास का असली काम”-अखिलेश ने गिनाए कार्य
अपने संबोधन में पूर्व सीएम ने समाजवादी सरकार के कामों का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों छात्रों को लैपटॉप बांटे गए। स्कूल-कॉलेज, आईटी सिटी, एक्सप्रेस-वे, स्टेडियम, पार्क बनाए गए। किसानों को सुविधाएं दी गईं। किसान बाजार, मंडियां और साइकिल ट्रैक बनवाए गए। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी गई।।उन्होंने कहा “समाजवादी सरकार ने हर बार जनता के लिए काम किया। वहीं भाजपा सरकार ने सिर्फ महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी बढ़ाई है। जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। हर वर्ग परेशान है। अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का आह्वान करते हुए कहा “भाजपा को हराना है। कार्यकर्ता जनता के बीच रहें, उनके सुख-दुख में शामिल रहें और भाजपा के झूठ को बेनकाब करें। भाजपा झूठ बोलने वाली और भूमाफिया पार्टी है।”

नेता जी पर आधारित स्मारिका भेंट, दूध भंडारा भी आयोजित
कार्यक्रम में कमला स्वरूपा प्रजापति ने श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव के जीवन, विचारों और संस्मरणों पर आधारित एक स्मारिका श्री अखिलेश यादव को भेंट की। इसी दौरान संदीप यादव (प्रयागराज) के सहयोग से “दूध भंडारा” का आयोजन भी किया गया। इसके अलावा बरेली में भी नेताजी की जयंती पर रक्तदान किया गया।

वरिष्ठ नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। इनमें शामिल रहे। इस दौरान किरणमय नंदा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद अवधेश प्रसाद, सांसद सनातन पांडेय, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद कनकलता सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, प्रो. अभिषेक मिश्रा, याशर शाह, डॉ. मधु गुप्ता, मौलाना इक़बाल क़ादरी, राजेंद्र यादव, रामआसरे विश्वकर्मा, कृष्ण कन्हैया पाल, डॉ. आशुतोष वर्मा, पायल सिंह (अध्यक्ष, किन्नर सभा), अवधेश सिंह, नावेद सिद्दीकी आदि मौजूद थे।
