PDA सरकार का संकल्प, कर्पूरी ठाकुर जयंती पर अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर घपले-घोटाले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अधिकारियों से मिलकर फर्जी वोट जुड़वा रही है और PDA (पिछड़ा -दलित-अल्पसंख्यक) वर्ग का वोट कटवाया जा रहा है। सपा मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि“अगर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था निष्पक्ष नहीं रहेगी, तो लोकतंत्र पर जनता का भरोसा कैसे बचेगा?” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी मनमर्जी से काम करा रही है, और हर स्तर पर भेदभाव किया जा रहा है।
SIR पर सवाल-‘यह SIR नहीं, NRC की तैयारी है!

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 4 नवंबर को SIR (Special Intensive Revision) की घोषणा के समय कहा गया था कि मतदाता सूची शुद्ध की जाएगी, लेकिन अब हालात इसके उलट हैं। उन्होंने दावा किया कि 2 करोड़ 22 लाख मैप्ड मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं। कुल मिलाकर 3 करोड़ 26 लाख मतदाताओं को नोटिस दी जा रही है
नोटिस और सुनवाई की जानकारी राजनीतिक दलों और BLA को नहीं दी जा रही उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह कन्फ्यूज और संदिग्ध है।
“चुनाव आयोग बताए, टेक्निकल सपोर्ट कौन दे रहा है?”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मांग की कि चुनाव आयोग यह स्पष्ट करे कि SIR में उन्हें कौन टेक्निकल सपोर्ट दे रहा है। उन्होंने कहा कि “हमारी मांग है कि चुनाव आयोग समाजवादी पार्टी की टेक्निकल टीम को भी समझाए कि वोटर लिस्ट में आखिर हो क्या रहा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कन्नौज विधानसभा में 200 से ज्यादा फर्जी और डबल वोटर पाए गए हैं।
आधार को वोटर ID से जोड़ने की मांग

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट की गड़बड़ी रोकने के लिए आधार कार्ड को मतदाता सूची से जोड़ा जाए, और आधार कार्ड को मेटल कार्ड के रूप में जारी किया जाए, ताकि फर्जीवाड़ा पूरी तरह खत्म हो सके। उन्होंने कहा कि BLO सरकारी कर्मचारी हैं, जिन पर सरकार का दबाव रहता है। सुनवाई में BLA को नहीं बुलाया जा रहा
भाजपा मानसिकता वाले अधिकारियों को सुनवाई में लगाया गया है। जिससे बड़े पैमाने पर मैनिपुलेशन की आशंका है।
“PDA सरकार बनाकर सामाजिक न्याय का राज लाएंगे”
कर्पूरी ठाकुर जयंती के मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि “हम सबने संकल्प लिया है कि उत्तर प्रदेश में PDA सरकार बनाकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे।”
कालनेमि और नकली सनातनियों पर हमला

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य जी ने नकली सनातनियों की पोल खोल दी है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा- “कालनेमि को खोजने वाले बताएं कि कलयुग का कालनेमि कौन है?” गाय को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादियों के घरों में सबसे ज्यादा गाय हैं। पहली रोटी गाय को दी जाती है। भाजपा नेताओं के पास इतनी गाय नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में कन्नौज में विश्वस्तरीय काऊ मिल्क प्लांट बनाया गया था, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। सपा सरकार बनने पर गायों की संख्या बढ़ाई जाएगी। गाय के दूध को महंगे दाम पर खरीदा जाएगा
भ्रष्टाचार और ग्रीन कॉरिडोर पर सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। हजारों करोड़ के ठेके चुनिंदा लोगों को दिए जा रहे हैं। लखनऊ में बन रहा ग्रीन कॉरिडोर गलत डिजाइन का उदाहरण है।
जातिगत जनगणना भाजपा का जुमला, अधिसूचना में जाति का कॉलम तक नहीं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जातिगत जनगणना को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जनगणना की अधिसूचना में जाति का कोई कॉलम ही नहीं है, ऐसे में सरकार गिनती क्या करेगी। अखिलेश यादव ने इसे भाजपा का जुमला बताते हुए कहा कि जातिगत जनगणना न करना PDA समाज के खिलाफ एक सुनियोजित साज़िश है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सीधा फॉर्मूला है,“न गिनती होगी, न आनुपातिक आरक्षण और अधिकारों का आधार बनेगा।”
PDA समाज को खुद लड़नी होगी अधिकारों की लड़ाई
उन्होंने कहा कि आज भाजपा पर भरोसा करने वाले लोग खुद को ठगा हुआ और अपमानित महसूस कर रहे हैं, जो नेता और कार्यकर्ता जातिगत जनगणना का दावा कर रहे थे, वे अब अपने समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि PDA समाज को अपने मान -सम्मान, आरक्षण और अधिकारों की लड़ाई खुद लड़नी होगी।
‘वचन-विमुखी भाजपा’ का मतलब धोखा: अखिलेश
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि विरोध होने पर भाजपा हमेशा की तरह इसे “टाइपिंग मिस्टेक” बताने की कोशिश करेगी, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा इतनी एक्सपोज़ हो चुकी है कि अब शब्दकोश में ‘वचन-विमुखी भाजपा’ का मतलब ‘धोखा’ लिखा जाना चाहिए।”
