सपा प्रमुख बोले लोकतंत्र खतरे में, मीडिया और निर्वाचन आयोग से मांगा हस्तक्षेप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को चेतावनी दी कि भाजपा अपने “अदृश्य मित्रों” को लाभ पहुंचाने के लिए फार्म 7 का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से पीडीए समाज के वोटरों, विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय के मत काटने की साजिश रची जा रही है।
अखिलेश यादव ने मीडिया से की अपील
सपा प्रमुख ने सभी पत्रकारों, न्यूज़ चैनलों, अखबारों और लोकल यूट्यूबर्स से आग्रह किया कि वे इस महाघोटाले का पर्दाफाश करें और लोकतंत्र के चौथे खंभे की जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि अगर मीडिया निष्पक्ष और विश्वसनीय रिपोर्टिंग करे तो समाजवादी पार्टी उसके साथ खड़ी है।
निर्वाचन आयोग और एफआईआर की मांग
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि निर्वाचन आयोग को इस बड़े अपराध के खिलाफ चेतावनी जारी करनी चाहिए और जो कोई फार्म 7 का दुरुपयोग कर वोट काटने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने मतदाताओं को भी चौकन्ना रहने और अपने वोट की जाँच-पड़ताल करने की सलाह दी।
पीडीए प्रहरी और स्थानीय लोगों की जागरूकता जरूरी
उन्होंने पीडीए प्रहरी और स्थानीय जागरूक वोटरों को निर्देश दिए कि वे सक्रिय होकर ऐसे प्रयासों का भंडाफोड़ करें और किसी भी गुनाहगार को बचने न दें। चाहे वह कोई बूथ स्तर का कार्यकर्ता, पार्षद, विधायक, मंत्री या अधिकारी हो, हर व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सत्ताधारियों की मनमानी पर लगाई जाए लगाम
उन्होंने स्पष्ट कहा कि फार्म 7 के इस दुरुपयोग को रोकना केवल चुनाव की निष्पक्षता के लिए नहीं, बल्कि मतदाता की पहचान, संविदा, जमीन, नौकरी और समाज में अन्याय से बचाने के लिए भी जरूरी है। उन्होंने चेताया कि सत्ताधारी दल और उनके सहयोगियों की हर मनमानी का खुलासा करने में समाजवादी पार्टी पीछे नहीं हटेगी।
